Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

स्वच्छता की ओर कदम ….

3 min read
Text Size:

 1.30 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा एमआरएफ प्लांट
– मुक्तिधाम के सामने नपा की जमीन का हुआ सीमांकन
अनोखा तीर, हरदा।  मुक्तिधाम के सामने कचरे के बड़े ढ़ेर को व्यवस्थित करने  के साथ-साथ  उसके निष्पादन के लिए नगर पालिका ने ठोस कार्य योजना बनाई है। यहां 1.30 करोड़ रूपए की लागत से एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी)  सेंटर बनाने की तैयारी है। इसके लिए नगर पालिका ने अपने स्वामित्व की .76 हेक्टेयर जमीन का सीमाकंन कराया है। जिसमें 25 डिसमिल जमीन पर कब्जे की बात सामने आई है। जिसे मुक्त कराने के लिए नगर पालिका ने तहसीलदार को पत्र लिखा है। इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने के लिए राजस्व विभाग ने जल्द से जल्द जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने का भरोसा दिलाया है। सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में नपा की जमीन से अतिक्रमण हटेगा, वहीं एमआरएफ कम्पोजिट प्लांट के निर्माण कार्य को गति मिलेगी। जिसके तैयार होते ही गीला-सूखा कचरा रिसाइकल किया जाएगा। इस पर गंभीरतापूर्वक काम चल रहा है। एक दिन पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में शहर के 35 वार्डों से बड़ी मात्रा में कचरा रोजाना निकलता है। इसके निपटान की दिशा में ये कार्ययोजना खासा महत्व रखती है।
एमआरएफ सेंटर में होगा कचरा रिसाइकल
एमआरएफ सेंटर में सूखे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटा और रिसाइकिल किया जाता है। रिसाइकिल योग्य पदार्थों (प्लास्टिक, कागज, धातु) से आय होती है। मिश्रित सूखे कचरे में से प्लास्टिक, कागज, कार्ड बोर्ड, कांच और धातुओं को अलग-अलग किया जाता है। वहीं गीले कचरे के लिए कंपोस्ट प्लांट बनाते हैं। अलग-अलग गड्ढो में गीला कचरा रखकर एक प्रक्रिया से खाद तैयार की जाती है।
डीपीआर बनाने का कार्य आदेश जारी
इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में कचरा निपटान पर जोर दिया जा रहा है। नगर पालिका इस दिशा में कार्य कर रही है। नपा से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में 14 हजार 683 मिट्रिक टन लिगेसी वेस्ट का निष्पादन हो चुका है। वहीं लगभग 40 हजार मिट्रिक टन वेस्ट को निष्पादित करने डीपीआर बनाने का कार्य आदेश जारी हुआ है। डीपीआर बनने के बाद शासन को भेजी जाएगी। जहां से स्वीकृति मिलते ही काम को गति मिलेगी।
इनका कहना…
मुक्तिधाम के सामने नपा की जमीन का सीमांकन हो चुका है। जहां 25 डिसमिल जगह पर अतिक्रमण है। जगह को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए राजस्व अधिकारियों को पत्र लिखा है। जल्द ही जमीन अतिक्रमण मुक्त होगी।
कमलेश पाटीदार
मुख्य नपा अधिकारी हरदा

91 Views
What do you think?

Leave a Reply