अनोखा तीर, कुकरावद। प्रयास सामाजिक समिति कुकरावद, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड हरदा, जिला हरदा के अंतर्गत चयनित नवांकुर संस्था सेक्टर मगरधा द्वारा ग्राम कनारदा में ग्रामोंउदय से अभ्युदय कार्यक्रम के तहत ग्राम उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र पर आधारित स्वावलंबन एवं युवा संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम के वरिष्ठ नागरिक राकेश पटेल ने की। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता शासकीय नवीन माध्यमिक शाला कनारदा के प्रधानपाठक बलराम जोशी रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं एवं ग्रामवासियों को राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रयास सामाजिक संस्था हरदा के सीईओ नीरज गुर्जर उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामोंउदय से भारत निर्माण की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए स्वदेशी भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उत्सव के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही मनोरंजक गतिविधियों के अंतर्गत कुर्सी दौड़, दौड़ एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रयास सामाजिक समिति के नवांकुर प्रभारी नितिन टाले ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में सभी प्रस्फुटन ग्रामों में इसी प्रकार ग्राम उत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं विचार गोष्ठियां संपन्न होंगी। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कनारदा के अध्यक्ष सुंदरलाल हुरमाले, समिति सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण, ग्रामीण महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी और विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

Views Today: 8
Total Views: 90

