बिना हाथ वाले दिव्यांगों को लगाए जा रहे कृत्रिम इलेक्ट्रिक हैंड, दैनिक कार्य होंगे आसान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। जिन लोगों के हाथ नहीं हैं, उनके लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा कृत्रिम इलेक्ट्रिक हैंड लगाए जा रहे हैं। इन इलेक्ट्रिक हैंड्स की सहायता से दिव्यांगजन अब खाना खाने, लिखने, डिजाइनिंग करने और वस्तुओं को पकड़ने जैसे कई दैनिक जीवन के कार्य आसानी से कर सकेंगे। हाल ही में बैतूल में आयोजित शिविर में हरदा जिले के 7 दिव्यांगों को कृत्रिम इलेक्ट्रिक हाथ लगाए जा चुके हैं। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा बिना हाथ वाले जरूरतमंद लोगों को यह सुविधा नि:शुल्क प्रदान की जा रही है। इन कृत्रिम हाथों के माध्यम से दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बन रहे हैं और उनका जीवन पहले की तुलना में अधिक सहज हो रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि हरदा जिले के मैदानी स्वास्थ्य अमले के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनका पंजीयन कराया जा रहा है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड की प्रति और मरीज की फोटो आवश्यक है, ताकि उन्हें इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक्स हैंड्स नि:शुल्क लगाए जा सकें। पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए आशीष साकल्ले, जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के दूरभाष क्रमांक 9826830220 पर संपर्क किया जा सकता है।
आधुनिक तकनीक पर आधारित डिवाइस
डॉ. सिंह ने बताया कि इसके लिए मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनाली फाउंडेशन के साथ करार किया गया है। यह डिवाइस आधुनिक तकनीक पर आधारित है। जिन लोगों को हाथ न होने के कारण दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, उनके लिए यह डिवाइस काफी सहायक सिद्ध हो रही है। यह इलेक्ट्रिक हैंड कोहनी से नीचे कटे हुए हाथों में लगाई जाती है, जिससे व्यक्ति रोजमर्रा के कार्य कर सकता है।
26 और 27 जनवरी को भोपाल में मेगा कैंप
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 26 और 27 जनवरी को भोपाल में मेगा कैंप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नि:शुल्क इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक हैंड्स लगाए जाएंगे। यह सुविधा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महत्वपूर्ण पहल राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान की जा रही है।
किन लोगों को मिलेगा लाभ
जो जन्म से बिना हाथ के हैं या दुर्घटना में हाथ का निचला हिस्सा गंवा चुके हैं।
-15 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को यह डिवाइस लगाई जाएगी।
जिला चिकित्सालय हरदा में भी कर सकते हैं संपर्क
आरबीएसके जिला नोडल अधिकारी डॉ. जीएस कुशवाहा ने बताया कि जिन लोगों का कोहनी से निचला हिस्सा नहीं है, वे पंजीयन हेतु 24 जनवरी 2026 तक दिए गए संपर्क नंबर पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय परिसर स्थित  जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में भी संपर्क किया जा सकता है।

Views Today: 2

Total Views: 110

Leave a Reply

error: Content is protected !!