अनोखा तीर, हंडिया। हरदा जिले के नर्मदांचल क्षेत्र में नर्मदा प्रकटोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नर्मदा उत्सव समिति के आयोजकों द्वारा बांस के पंडालों को जामुन के पत्तों से आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। नर्मदा मैया के जन्मोत्सव के अवसर पर जलमंचों पर भव्य विद्युत सज्जा की जाएगी। विद्वान पंडितों के सानिध्य में पूजा-अर्चना, आतिशबाजी तथा बालू-रेत से 25 फीट लंबी मगर का निर्माण किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पिछले लगभग नौ दशकों से नर्मदा जयंती प्रकटोत्सव हंडिया-नेमावर के दोनों तटों पर विधि-विधान के साथ मनाया जा रहा है। पंडित मनमोहन व्यास के अनुसार नर्मदा मैया के सभी घाटों पर प्रकटोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। उधर, परम पूज्य शास्त्री जी के मार्गदर्शन में संतों की उपस्थिति में दूधाभिषेक एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हरदा जिले की सभी तहसीलों से लाखों की संख्या में नर्मदा भक्तों के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।




