अनोखा तीर, हरदा। जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता माह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालकों एवं ऑटो यूनियन सदस्यों के सहयोग से जागरूकता ऑटो रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ऑटो चालकों ने शहरवासियों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। रैली में शामिल प्रत्येक ऑटो में यातायात नियमों से संबंधित स्टीकर लगाए गए, ताकि सवारी यात्रा के दौरान नियमों को पढ़कर समझ सके और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित हो। इसके साथ ही शहर के सार्वजनिक स्थलों जैसे एटीएम, बैंक एवं अस्पतालों में भी यातायात जागरूकता से संबंधित स्टीकर एवं होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निरंतर अभियान, रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। ऑटो रैली का मार्ग पुलिस कंट्रोल रूम हरदा से प्रारंभ होकर नारायण टॉकीज, चांडक चौक, घंटाघर, जैसानी चौक, टांक चौक, प्रताप टॉकीज, तिवारी कोचिंग होते हुए पुन: पुलिस कंट्रोल रूम हरदा तक रहा।

Views Today: 2
Total Views: 44

