-जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने जताई आपत्ति
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के रहटगांव तथा हरदा शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित हिन्दू सम्मेलन में टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत शाह के शामिल होने पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसी नेता का इस प्रकार का आचरण कांग्रेस की घोषित विचारधारा के खिलाफ है और इससे उनकी कांग्रेस विचारधारा के प्रति निष्ठा पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा होता है। प्रवक्ता ने बताया कि अभिजीत शाह विगत दिनों रहटगांव में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में शामिल हुए थे तथा उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इससे संबंधित समाचार भी साझा किया था। कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाले जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह के आयोजनों में भाग लेने से जमीनी स्तर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से संघर्ष कर रहे आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। आदित्य गार्गव ने कहा कि एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन संगठनों की विचारधाराओं का खुलेआम विरोध करते हुए देश के सांप्रदायिक सद्भाव एवं संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह के आयोजनों में शामिल होकर कुछ नेता इस संघर्ष को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, सुभाषचंद्र बोस और मौलाना आजाद जैसे देशभक्त नेताओं की विचारधारा के साथ हैं या गोडसे तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभाजनकारी विचारधारा के साथ। जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि वे इस प्रकार के आयोजनों में शामिल नेताओं के विरुद्ध अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन सांई तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग करेंगे।
Views Today: 2
Total Views: 76

