धान से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली में टकराई ई-स्कूटी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

– तीन नौजवानों की दर्दनाक मौत
– एक ही चिता पर तीनों का हुआ अंतिम संस्कार
अनोखा तीर, सोहागपुर। नगर में राज्य मार्ग 22 पर शनिवार रात सड़क दुर्घटना में तीन नौजवान काल के गाल में समा गए। बीच सड़क पर अंधेरे में खड़ी धान भरी ट्राली से ई-स्कूटर के टकराने से घटना हुई है। तीनों मृत नौजवानों शिवकुमार पिता रामेश्वर रघुवंशी 15 वर्ष, मनु लराज प्रताप प्रवीण रघुवंशी 14 वर्ष एवं अश्विन पिता ललित रघुवंशी 14 वर्ष की मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सोहागपुर थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार दुर्घटना शनिवार रात लगभग 8.30 बजे की है। जब सोहागपुर से कोचिंग क्लास के बाद अपने ग्राम आमदेही जा रहे तीन किशोर बालक अश्विन पुत्र ललित रघुवंशी, शिव पुत्र रामेश्वर रघुवंशी व मनुराज पुत्र प्रवीण रघुवंशी की ई-स्कूटर पिपरिया रोड पर खड़ी धान भरी एक ट्राली से टकरा गई। पुलिस के अनुसार तीनों बालकों की दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। घटना के बाद सड़क पर राहगिरों और नागरिकों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना के पश्चात तीनों नौजवानों के शवों को पुलिस द्वारा सोहागपुर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन एवं परिचित अस्पताल में एकत्रित हो गए। रविवार सुबह तीनों शवों के पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंपे गए हैं। तीनों बालक सोहागपुर स्थित सेंट पैट्रिक्स स्कूल की कक्षा नौ के विद्यार्थी थे। तथा तीनों शनिवार रात कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे थे। तीनों बालकों का अंतिम संस्कार रेवा बनखेड़ी नर्मदा घाट पर एक ही चिता पर किया गया। इस दौरान जितने भी लोग उपस्थित थे सभी की आंखें नम हो गईं। वहीं तीनों बालकों के परिवार में अति शोक व्याप्त है।
बड़े ट्रैक्टर-ट्राली और कोचिंग क्लासों पर उठे सवाल
घटना के बाद नगर के स्टेट हाईवे से गुजरने वाली बड़ी ट्रैक्टर-ट्राली के विरोध में सोशल मीडिया पर नागरिकों का गुस्सा नजर आया। नागरिकों का कहना है कि नगर से धान भरकर निकलने वाली इन बड़ी ट्रालियों के पीछे ना तो रेडियम लगा होता है ना ही कोई इंडिकेटर। जिससे अंधेरे में यह ट्राली नजर नहीं आती है, जिसके कारण यह दुर्घटना का कारण बन रही है। पिछले दिनों भी में बड़ी ट्रालियों के कारण दुर्घटना घटित हो चुकी है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर बड़ी ट्रालियों पर रोक लगाने व उन पर कार्यवाही करने की मांग भी प्रशासन से की है। वहीं कुछ लोगों ने नगर में लगने वाली कोचिंग क्लासों पर भी सवाल उठाए हैं। इनका कहना है कि नगर में लगने वाली कोचिंग क्लासों के समय में परिवर्तन किया जाना जरूरी है। देर शाम तक लगने वाली कोचिंग क्लास के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र अंधेरे में अपने घरों को जाने को मजबूर होते हैं।
इनका कहना है
ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुई दुर्घटना में तीन बच्चों की मृत्यु हो गई है। मर्ग कायमी कर मामला जांच में लिया गया है।
– ऊषा मरावी, थाना प्रभारी, सोहागपुर।

Views Today: 2

Total Views: 184

Leave a Reply

error: Content is protected !!