माँ नर्मदा प्रकटोत्सव का तीन दिवसीय आयोजन  

अनोखा तीर, हरदा। नगर में मां नर्मदा प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर 23 से 25 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नर्मदीय ब्राह्मण समाज (मंदिर) ट्रस्ट एवं नर्मदीय ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक पाराशर ने पत्रकारवार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जनवरी (बसंत पंचमी) को प्रात: 9 बजे माँ सरस्वती एवं माँ नर्मदा के पूजन से होगा। इसके पश्चात नर्मदाष्टक, सरस्वती वंदना, आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वालों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 24 जनवरी शनिवार प्रात: 9 बजे माँ नर्मदा पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण होगा। दोपहर 3 बजे महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें हल्दी-कुमकुम, बालिकाओं द्वारा नृत्य, प्रश्न मंच, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा को विशेष महत्व दिया जाएगा।  25 जनवरी रविवार को प्रात: 9 बजे माँ नर्मदा की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े एवं भजन मंडलियां शामिल रहेंगी। दिनभर बच्चों एवं युवाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता पाठ, नृत्य तथा सामाजिक विषयों पर विचार गोष्ठियां आयोजित होंगी। सायंकाल माँ नर्मदा की महाआरती एवं महाप्रसादी के साथ आयोजन का समापन होगा। इस अवसर पर दीपक शुक्ला, राजेन्द्र गुहा, ऋषि पारे एवं संजय काशिव उपस्थित रहे। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ नर्मदा प्राकट्योत्सव को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की है।

126 Views

Leave a Reply