-कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी हरदा के अध्यक्ष मोहन साईं के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात कर दोषियों पर आपराधिक कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जीआई पाइप खरीदी सहित अन्य कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की जांच में 21 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान सिद्ध होने के बावजूद आज तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि वर्ष 2023 में नगर परिषद टिमरनी द्वारा 39 लाख रुपये के जीआई पाइप खरीदे गए थे, जो घटिया किस्म के थे और बाजार मूल्य से लगभग चार गुना अधिक कीमत पर खरीदे गए। इस संबंध में लोकायुक्त और नगरीय प्रशासन विभाग को शिकायत की गई थी। विभागीय जांच में नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज, तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा, उपयंत्री रितेश यादव, शाखा प्रभारी शेरसिंह बट्टी सहित अन्य को दोषी पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इस खरीदी से शासन को 21 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। इसके अलावा 18 लाख रुपये के ट्रैक्टर और मड पंप की खरीदी में भी 9 लाख रुपये का भ्रष्टाचार जांच में सिद्ध होना बताया गया, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष सहित तत्कालीन प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दोषी पाया गया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा के दबाव में प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते समय पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, कांग्रेस नेता जितेंद्र सोनकिया, शिवम कनोजिया, संजय पवार सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
Views Today: 4
Total Views: 104

