– महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा कानून में बदलाव को लेकर बुधवार को मुख्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। स्थानीय घंटाघर चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ग्रामीण मजदूरों के साथ पैदल मार्च निकाला गया, जो कि प्रमुख मार्गो से होकर नारायण टॉकीज चौक पहुंचा। जहां कांग्रेसियों और मजदूरों का मार्च धरने में तब्दील हो गया। अंत में महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार राजेन्द्र पंवार को ज्ञापन सौंपा गया। जिसके माध्यम से ग्रामीण श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार से देश में पुन: महात्मा गांधी रोजगार गारंटी कानून लागू कराने की मांग की है। इससे पहले धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि वर्ष 2005 में कांग्रेस नीत सरकार नेे महात्मा गांधी रोजगार गारंटी कानून लागू किया था। जिसे केन्द्र की वर्तमान भाजपा सरकार ने पूरी तरह से बदल दिया है। साथ ही कानून का नाम भी बदल दिया है। जबकि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की मंशा थी कि यह कानून ग्रामीण श्रमिकों को उनके गांव में ही कम से कम 100 दिन का रोजगार मुहैया कराएगा, ताकि पलायन रूके और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो। उक्त कानून के प्रावधानों में समय-समय पर सुधार भी किए गए। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने कानून में ओर सुधार करने के बजाय इसे पूरी तरह से बदल दिया है। धरने में विधायक डॉ आरके दोगने, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, जनपद अध्यक्ष रानू पटेल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश चौहान, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी, आमीर पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष गोविन्द व्यास, सोनतलाई ब्लाक अध्यक्ष सुरेन्द्र विश्नोई, नागू पटेल, आशुतोष कोठारी, दशरथ पटेल, प्रदुमन कुशवाह, हरीश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल, विक्रम सिंह चौहान, रामदीन पटेल समेत अन्य कांग्रेसी उपस्तिथ थे


