अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर कांकरिया ग्राम स्थित हनुमान मंदिर के पास गुरुवार रात करीब 11 बजे आयशर ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया, जबकि पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दूर जा गिरा। जानकारी के अनुसार भुसावल से केले भरकर आ रहा आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 34 जी 1397 और इटारसी से खंडवा की ओर जा रही खाली डिब्बों से भरी पिकअप क्र.एमपी 12 एफ 7360 के बीच यह हादसा हुआ। पिकअप चालक इकबाल ने बताया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और सड़क की चौड़ाई का सही अंदाजा नहीं लगा सका। साइड देने के दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई, जिससे दुर्घटना घटित हुई। गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों ही वाहन चालकों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। चालकों ने बताया कि रात के समय सड़क के किनारे साइड सोल्डर नीचे होने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे बड़े वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क और साइड शोल्डर के बीच अधिक अंतर होने से वाहन नीचे उतर जाते हैं और वापस सड़क पर चढ़ने के प्रयास में हादसे का शिकार हो जाते हैं।
Views Today: 2
Total Views: 90

