कड़ाके की ठंड, उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-पौष अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के जल में लगाई डुबकी
अनोखा तीर, हंडिया।  पुण्य सलिला मां नर्मदा के तटों पर पौष अमावस्या के पावन अवसर पर कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। अल सुबह से ही नर्मदा घाटों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे और मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने घाटों के किनारे बैठे दरिद्रनारायणों और भिक्षुओं को अन्न व दक्षिणा का दान भी किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने तटवर्ती प्राचीन शिवालयों में भगवान शिव का मंत्रोच्चारण के साथ जलाभिषेक किया। सुगंधित द्रव्यों और पुष्पों से विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पौष अमावस्या के महापर्व पर नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जो पैदल और विभिन्न वाहनों से निरंतर तटों तक पहुंचते रहे। उधर, कामाख्या धाम मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नर्मदा स्नान के पश्चात भक्तों ने तांत्रिक देवी कामाख्या के दर्शन किए और देवीधाम के पुरोहित रूपेश तिवारी का आशीर्वाद प्राप्त किया। अमावस्या के इस अद्भुत संयोग पर सूर्य की पहली किरण के साथ ही नर्मदा घाटों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग और होमगार्ड के जवान घाटों पर सतत निगरानी बनाए हुए रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Views Today: 2

Total Views: 108

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!