अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने गुरुवार को हरदा जिले का दौरा कर ‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियानÓ के द्वितीय चरण के तहत हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड हरदा के ग्राम हरदाखुर्द एवं विकासखंड टिमरनी के ग्राम सोडलपुर में पशुपालकों से सीधा संवाद किया। भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव ने हरदाखुर्द के पशुपालक मोहन चोयल तथा सोडलपुर के पशुपालक संतोष पटेल एवं अतुल पटेल से मुलाकात कर अभियान के तहत दी जा रही जानकारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पशु स्वास्थ्य, पोषण एवं नस्ल सुधार पर ध्यान केंद्रित करने से पशुपालन अत्यंत लाभदायक व्यवसाय बन सकता है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पशुपालकों के मार्गदर्शन के लिए चार विशेष वीडियो तैयार किए गए हैं, जिनके माध्यम से आधुनिक पशुपालन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सोडलपुर भ्रमण के दौरान दुग्ध समितियों द्वारा दूध के उचित दाम न मिलने की समस्या सामने आने पर प्रमुख सचिव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रबंध संचालक, मप्र दुग्ध महासंघ भोपाल को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, सीईओ जनपद पंचायत हरदा विश्वजीत पाटीदार, सीईओ जनपद पंचायत टिमरनी चेतना पाटील, जिला खनिज अधिकारी प्रगति सोनवाने एवं पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक डॉ. अजय रामटेके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Views Today: 2
Total Views: 96

