मक्का की कम कीमत को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-व्यापारियों पर लगाया मनमाने भाव का आरोप, एसडीएम ने दी समझाइश
अनोखा तीर, हरदा।  हरदा जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में सोमवार को मक्का के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने मंडी के अंदर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि मंडी व्यापारी उनकी उपज मनमाने भाव पर खरीद रहे हैं। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक डेहरिया और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा की और उन्हें उपज का उचित दाम दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। ग्राम कुकरावद के किसान सुरेश गौर ने बताया कि वह अपनी 20 बोरा मक्का लेकर रविवार को मंडी आए थे। दोपहर बाद हुए भाव में उनकी मक्का मात्र 1011 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी गई।  किसान ने बताया कि उन्हें इस सौदे में खासा नुकसान हुआ है, लेकिन अगली फसल के लिए खाद की व्यवस्था हेतु पैसों की जरूरत के चलते मक्का बेचना उनकी मजबूरी थी। किसानों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार के राज में किसानों को अपनी उपज का कम दाम मिल रहा है, जिससे उन्हें प्रति क्विंटल 1400 से 1600 रुपए का घाटा हो रहा है। एसडीएम अशोक डेहरिया ने बताया कि मक्का की उपज की आवक अधिक होने के कारण भाव कम हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों और व्यापारियों से चर्चा कर सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास जारी है।

162 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!