अनोखा तीर, खिरकिया। स्थानीय श्वेतांबर जैन समाज के संरक्षक, वरिष्ठ व्यवसायी अमरचंद मेहता की धर्मपत्नी एवं वरिष्ठ पत्रकार, श्वेतांबर जैन श्रीसंघ के सचिव तथा धर्मदासगण परिषद के राष्ट्रीय मंत्री राजेश मेहता व जयपुर के बिल्डर एवं डेवलपर धर्मेंद्र मेहता की माताजी धर्मनिष्ठ श्राविका चंदादेवी मेहता के निधन उपरांत आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रविवार को हुए पगड़ी एवं टोपी रस्म कार्यक्रम में समाजजनों, रिश्तेदारों और नगरवासियों की उपस्थिति ने मेहता परिवार के प्रति आदर और स्नेह प्रकट किया। इस अवसर पर थांदला से पधारे धर्मदास गण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत भंसाली ने चंदादेवी मेहता के बहुआयामी व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए उनकी धार्मिक आस्था, सरलता और सौम्यता को उनकी विशेष पहचान बताया। उन्होंने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान नातिन प्रशस्ति खटोड़ ने अपनी नानी के साथ बिताए गए प्रेमपूर्ण और मार्मिक क्षणों को साझा किया, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। परिवार की पारंपरिक रीति अनुसार ससुराल पक्ष द्वारा पगड़ी और टोपी की रस्म निभाई गई। उल्लेखनीय है कि चंदादेवी मेहता का निधन 21 अक्टूबर, कार्तिक कृष्ण अमावस्या की प्रभात बेला में हुआ था। यही तिथि जैन धर्म में इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि इसी दिन भगवान महावीर स्वामी को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार सुनील जैन ने किया।






