-नई कार्यकारिणी का गठन
-ब्राह्मणों को आत्मरक्षा के लिए शस्त्र प्रशिक्षण पर दिया जोर
अनोखा तीर, हरदा। परशुराम सेना द्वारा रविवार को स्थानीय सीताराम गार्डन में भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्राह्मण समाज में आत्मरक्षा की भावना जागृत करना और शस्त्र विद्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर जिलेभर की सभी तहसीलों से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने-अपने शस्त्रों का पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान परशुराम सेना मध्यप्रदेश की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिले को छह तहसीलों में विभाजित करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की गई। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत व सम्मान किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र विद्या से भी परिचित होना चाहिए। समाज अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा स्वयं कर सके, यही हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के प्रतीक चिन्ह फरसे के साथ सभी भाइयों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि पहले केवल क्षत्रिय वर्ग ही शस्त्र पूजन करते थे, अब ब्राह्मण समाज भी यह परंपरा निभाएगा। कार्यक्रम में विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक शस्त्र पूजन संपन्न हुआ।

Views Today: 2
Total Views: 290

