८ पशुपालकों पर होगी एफआईआर

-सड़क पर मवेशी छोड़ने पर टैग से हुई पहचान
 अनोखा तीर, हरदा। शहर की सड़कों पर खुले में छोड़े गए मवेशियों से लगातार हादसे हो रहे हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नगरपालिका हरदा अब सख्त रुख अपना रही है। नगर पालिका ने सड़कों पर बैठे मवेशियों की वीडियो व फोटो सबूत के साथ टैग नंबरों से पहचान कर 8 पशु पालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की है। नगर पालिका द्वारा पशुओं के कान में लगे टैग के आधार पर उन पशुपालकों की जानकारी प्राप्त की है, जिन्होंने अपने मवेशियों को खुले में छोड़ दिया है। नगरपालिका सीएमओ कमलेश पाटीदार ने बताया कि अभी तक 8 पशुपालकों की पहचान हुई है, जिनमें राहुल श्याम सिंह, राजेंद्र धन्नालााल, मोहित, मनीष शिवनारायण, विवेक उमाशंकर, प्रेमनारायण रामविलास के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया है। श्री पाटीदार ने बताया कि ऐसे पशुपालकों की टैग एवं अन्य माध्यमों से पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
शहर में हर रोड पर मवेशियों का जमघट
हरदा शहर की लगभग सभी मुख्य सड़कों और चौराहों पर मवेशियों का झुंड देखने को मिल जाता है। छीपानेर रोड, खेडीपुरा, इंदौर रोड, रेलवे डबल फाटक, काली मंदिर चौक, बायपास चौराहा, सादानी कॉलोनी, जोशी कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, परशुराम चौक, अस्पताल चौराहा और गुर्जर बोर्डिंग क्षेत्र सहित अधिकांश स्थानों पर ये झुंड दिन-रात डेरा जमाए रहते हैं।

227 Views

Leave a Reply