-कलेक्टर से संजय जैन के आवेदन को खारिज करने की मांग
-कहा…हमारा व्यवसाय रोजगार है, अपराध नहीं
अनोखा तीर, हरदा। आज हरदा शहर के घंटाघर चौराहे पर जिलेभर के डीजे संचालक और साउंड सिस्टम व्यवसाय से जुड़े लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि संजय जैन का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संजय जैन द्वारा जिला प्रशासन को दिए गए आवेदन में डीजे व्यवसाय पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। डीजे संचालकों ने कहा कि वे सरकार को 18 प्रतिशत जीएसटी टैक्स देकर वैध तरीके से व्यवसाय करते हैं। उपकरण की खरीदी भी टैक्स अदा कर के की जाती है, फिर भी कुछ लोग इस व्यवसाय को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। डीजे व्यवसाय से जुड़े लोगों ने कहा हम मेहनत कर अपनी रोज़ी-रोटी कमाते हैं, इससे किसी को कोई नुकसान नहीं होता। लेकिन शराब, गांजा और नशे से समाज को जो वास्तविक हानि हो रही है, उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। डीजे संचालकों ने कलेक्टर से संजय जैन के आवेदन को तत्काल खारिज करने और उन्हें विधायक प्रतिनिधि के पद से हटाने की मांग की। इस दौरान हरदा, खिरकिया, टिमरनी, सिराली, हंडिया और करताना सहित पूरे जिले से डीजे संचालक व साउंड सिस्टम से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन करेंगे।
Views Today: 2
Total Views: 136

