हम्मालों ने नए रैक पाईंट पर काम करने से किया इनकार

-कहा जान जोखिम में डालकर नहीं करेंगे मजदूरी
अनोखा तीर, हरदा। हरदा रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक पॉइंट पर बुधवार को हम्मालों ने काम करने से इनकार कर दिया। हम्मालों ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और पीने के पानी, शेड व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का हवाला दिया। इसके चलते मक्के से भरी एक रैक को पुराने रैक पॉइंट पर वापस भेजना पड़ा। हम्मालों की चिंताओं पर स्टेशन मास्टर आर.के. खरे ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। क्रांति रेलवे माल गोदाम हम्माल यूनियन के सदस्यों का कहना है कि नए रैक पॉइंट पर हम्मालों के लिए कोई मूलभूत सुविधा नहीं है। हम्माल दीपक कदम और राजेश कैथवास ने बताया कि नए पॉइंट पर न तो पीने के पानी की व्यवस्था है, न आराम के लिए शेड, और न ही शौचालय की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि हम्मालों को पटरी पार कर आना-जाना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है और आरपीएफ की कार्रवाई का भी डर रहता है।
खुले चैंबर और खंभों से खतरा
हम्मालों ने यह भी बताया कि प्लेटफॉर्म पर तीन-चार खुले चैंबर हैं, जिन पर जाली लगाने की आवश्यकता है ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। वहीं, सबसे बड़ी चिंता ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) के खंभों को लेकर है, जो बोगियों के बिल्कुल सामने लगे हैं। हम्मालों के अनुसार, यदि कोई ट्रक गलती से इन खंभों से टकराता है, तो मजदूरों की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने इससे बचने के लिए उचित व्यवस्था की मांग की है। हम्मालों ने बताया कि वे पहले भी रेलवे अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक नए रैक पॉइंट पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, वे वहां रैक भरने या उतारने का काम नहीं करेंगे।
स्टेशन मास्टर ने दिया आश्वासन
इस संबंध में स्टेशन मास्टर आर.के. खरे ने कहा कि पानी और शेड की व्यवस्था के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अन्य समस्याओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर जल्द समाधान किया जाएगा। खरे ने यह भी स्पष्ट किया कि रैक लगने के दौरान सुरक्षा के लिए ओएचई को बंद कर प्लेसमेंट किया जाता है।

240 Views

Leave a Reply