अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम पंचायत क्षेत्र में पिछले चार माह से विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। पंचायत द्वारा बारिश से पहले गांव में कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई थी, जिस पर अमल किया जाना था, लेकिन पंचायत की उदासीनता के कारण ग्रामीण अब तक काम शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। पंचायत के पंच पवन भायरे ने बताया कि स्कूल के पीछे बहने वाले नाले को पक्का करने का कार्य बारिश के पहले शुरू किया गया था, परंतु कुछ ही दिनों में बंद हो गया। लगभग 10 लाख रुपये की राशि से इस नाले को 200 मीटर तक पक्का बनाया जाना था, जो स्टेट हाईवे से लेकर होली चौक तक बनने वाला था। बेस डालने और जमीन समतल करने के बाद साइड की दीवारें नहीं भरी जा सकीं। करीब चार माह से काम अधूरा पड़ा है। इसी तरह ग्राम के मुक्तिधाम के पास देदली नदी पर चेक डैम का निर्माण किया जाना था, जिसकी राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन कार्य शुरू नहीं हो सका। वहीं मोरगा नाले पर विधायक निधि और जन सहयोग से पुलिया का निर्माण प्रस्तावित था, पर वह भी अब तक प्रारंभ नहीं हुआ। इसके कारण नदी से रेलवे लाइन तक के किसानों को आवागमन में कठिनाई हो रही है और उन्हें नाले के पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्राम के किसान भागीरथ भायरे, जितेंद्र भायरे, रामविलास पटेल और राकेश पाटिल ने बताया कि नाले में पानी होने से ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल नहीं निकल पाते। बारिश के दिनों में किसानों को खेत तक पहुंचने के लिए पांच किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ता है। समस्या के समाधान हेतु किसानों ने क्षेत्रीय विधायक रामकिशोर दोगने से मुलाकात की थी, जिन्होंने विधायक निधि से सात लाख रुपये स्वीकृत किए थे। जन सहयोग से अतिरिक्त राशि जोड़कर पुलिया निर्माण की पहल की गई थी, लेकिन पंचायत की लापरवाही के कारण कार्य शुरू नहीं हुआ। किसानों का कहना है कि फसल कटाई और बुवाई के समय भी नाले के पानी से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। भागीरथ भायरे ने बताया कि नाले में बारिश और नहर का पानी भर जाने से ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलें डूब जाती हैं, जिससे वाहन खराब हो जाते हैं और खेतों तक पैदल पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्य शुरू नहीं किया गया, तो किसान जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर पुलिया निर्माण की मांग करेंगे। इस संबंध में पंचायत सचिव नंदलाल बघेल ने बताया कि नाले के निर्माण की दूसरी किस्त न मिलने के कारण काम रुका हुआ है। राशि मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। चेक डैम और पुलिया के कार्य बारिश बंद होते ही प्रारंभ किए जाएंगे।
Views Today: 2
Total Views: 298

