सरकार कर रही है किसानों का शोषण और व्यापारियों की गुलामी : मोहन सांई

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि आज जिले और प्रदेश का किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, जबकि प्रदेश सरकार किसानों का जमकर शोषण कर रही है। सरकार ने एक तुगलकी फरमान जारी किया है कि जो किसान भावांतर योजना के अंतर्गत मंडी में सोयाबीन बेचेगा, उसे व्यापारियों से नगद भुगतान नहीं लेना है। यदि किसान नगद भुगतान लेता है तो उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा। मोहन साईं ने कहा कि इस आदेश का सीधा मतलब यह है कि सरकार व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे नियम बना रही है ताकि व्यापारी बिना तत्काल भुगतान किए व्यापार कर सकें। दूसरी ओर, किसानों को खाद-बीज की तत्काल जरूरत रहती है और वे नगद पैसों के बिना खेती का काम नहीं कर पा रहे हैं। यह निर्णय किसानों के हित में नहीं है और उन्हें ठगा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार उद्योगपतियों और व्यापारियों की सरकार बनकर रह गई है। जिला कांग्रेस इस तुगलकी फरमान का विरोध करती है और यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा। मोहन साईं ने यह भी कहा कि सरकार का दूसरा फरमान, जिसमें किसानों से ट्रैक्टर की आरसी कार्ड साथ लाने को कहा गया है, वह भी अनुचित है। कई किसान अपनी ट्रैक्टर की आरसी गिरवी रखकर साहूकारों से पैसे लेकर खेती कर रहे हैं, ऐसे में यह आदेश किसानों के लिए परेशानी का कारण बनेगा। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार इन दोनों आदेशों को तुरंत वापस ले, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।

223 Views

Leave a Reply