बीएमएस का श्रमिक कर्मचारी संपर्क अभियान शुरू

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अपनी स्थापना के 70वें वर्ष, 15 दिवस चलेगा यह अभियान

अनोखा तीर, हरदा। देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ द्वारा आज से अपना श्रमिक कर्मचारी संपर्क अभियान शुरू किया गया है। पुण्य सलिला नर्मदा के हंडिया तट स्थित कामाख्या देवी मंदिर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 15 दिसंबर तक संपूर्ण जिले में चलेगा। भारतीय मजदूर संघ हरदा के जिला मंत्री प्रबल पंवार ने यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को मध्य प्रदेश की पुण्य धरा भोपाल महानगरी में हुआ था। जिसकी स्थापना श्रद्धेय दत्तोपंत ठेकड़ी जी ने की थी, जो आज देश ही नहीं अपितु विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन गया है। उन्होंने बताया कि संगठन निर्माण के 70वें वर्ष में भारतीय मजदूर संघ के साथ 5778 से अधिक ट्रेड यूनियन एवं 40 से अधिक अखिल भारतीय उद्योग महासंघ जुड़े हुए हैं। वही पूरे देश में 200 से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ता तथा प्रत्येक प्रदेश में प्रादेशिक कार्यालय और प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला कार्यालय सक्रिय है। विगत 30 वर्षों से भारतीय मजदूर संघ देश का लगातार सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बना हुआ है। विगत 35 वर्षों से वैश्विक स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक संगठन के कॉन्फ्रेंस में भी भारतीय मजदूर संघ नेतृत्व कर रहा है। संपूर्ण विश्व को वसुदेव कुटुंबकम के संदेश के साथ एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य की परिकल्पना करते हुए विश्व कल्याण हेतु भारतीय संस्कृति एवं भारतीय दर्शन की अवधारणा को पूरे विश्व को दे रहा है। भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय ठेकड़ी जी ने देश में तात्कालिक श्रम संघों के नारे चाहे जो मजबूरी हो मांग हमारी पूरी हो को अमान्य कर दिया था। उन्होंने कहा था कि देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दम। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतिबद्धता से युक्त नारा दिया और राष्ट्र को सर्वोपरि रखा। इन्हीं विचारों के साथ भारतीय मजदूर संघ श्रमिक एवं कर्मचारी के बीच एक से 15 दिसंबर तक यह संपर्क अभियान चला रहा है। बीते 70 वर्षों की यात्रा का मात्र केवल एक पड़ाव है। आगे अनेक वर्षों तक शोषित श्रमिकों के लिए कटिबंध भारतीय मजदूर संघ इस कार्य को और तेज गति से संपन्न करते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होगा। भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री प्रबल पवार ने बताया कि आज के शुभारंभ कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी, जिला अध्यक्ष मुकेश धामंदे, उपाध्यक्ष शिवा कुमार सोलंकी, कार्यालय मंत्री कैलाश विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष गणेश केवट, इस कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कपिल घाटे, दैनिक वेतन भोगी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामशंकर बुनकर, सफाई कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष मकबूल खान, ग्राम पंचायत सीगोंन के सरपंच सुनील चौहान, जल संयंत्र कर्मचारी संघ के प्रभारी संतोष राठौड़, श्रवण गुर्जर जयंती वर्मा, मनीष टाले, शुभम माली, केशव नायक, अमजद बैग एवं अन्य कर्मचारी तथा श्रमिक उपस्थित रहे।

Views Today: 2

Total Views: 94

Leave a Reply

error: Content is protected !!