अनोखा तीर, हरदा। कुशवाह समाज के लोगों ने पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों को उचित मुआवजा राशि दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि 6 फरवरी को पटाखा फैक्ट्री में जो विस्फोट हुआ था जिसमें महेंद्र कुशवाहा भी थे। जो फैक्ट्री में कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। दुर्घटना में उनका जबड़ा और एक हाथ बुरी तरह फैक्चर हो गया है। किराए के मकान में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण कर पाने में असमर्थ है। अत: उन्हें भी पटाखा फेक्ट्री में मजदूरी करने वाले मजदूर के बराबर का मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा फैक्ट्री के बाजू में किसान राकेश कुशवाहा और अनिल कुशवाहा के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके मकान का सही से सर्वे कर पूर्ण मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही 6 फरवरी को फेक्ट्री की आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने राकेश कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, राजेश कुशवाहा और गौरीशंकर कुशवाहा के खेत की गेंहू की फसल में से फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस निकाली थी, जिससे उनके खेत में करीब दो एकड़ की जमीन में बोया हुआ गेहूं पूरी तरह खराब हो गया। इसके अलावा जमीन भी जुताई लायक नहीं बची है। जिसे जुताई करने लायक बनाने में काफी खर्चा लगेगा और दो एकड़ जमीन में 40 बोरा गेहूं से सधिक का उत्पादन होता है, जिसकी बाजार मूल्य कीमत एक लाख होती है। इसके हिसाब से उन्हें भी उचित सहायता राशि देने की मांग की है। इस दौरान समाज के अध्यक्ष राजेंद्र पावर, उपाध्यक्ष केएल कुशवाहा, सचिव रघुवीर लोहाना, हरिओम महगाये, डॉ.अनोखीलाल पावर, लक्ष्मीनारायण कुशवाहा, अशोक कुशवाहा सहित अन्य सामाजिक लोग उपस्थित रहे।





