भोपाल

खेलों का महत्व हमारे देश में आदिकाल से है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने "पंख" खेल उपलब्धि पुरस्कार 2024 से खिलाड़ियों को किया सम्मानित

अनोखा तीर भोपाल:-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेलों का महत्व हमारे देश में आदिकाल से है। भगवान श्रीराम और अर्जुन का विवाह स्वंयवर के माध्यम से हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग के खिलाड़ी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं और ओलंपिक खेलों में बड़ी संख्या में स्वर्ण पदक प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 2036 के ओलंपिक खेलों की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने देश एवं विदेश में प्रदेश का मान- सम्मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव “पंख” खेल उपलब्धि पुरस्कार 2024 सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन बंसल न्यूज द्वारा किया गया ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सुविधाएं देने में कमी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रदेश और देश का सम्मान बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खिलाड़ियों को सिर्फ खेल की ओर ध्यान देना चाहिए जिससे वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश की महिलाएं, पुरूषों से कम नहीं थीं। रानी दुर्गावती और झांसी की रानी ने तलवारबाजी में अदभुत प्रदर्शन किया। उन्होंने कई अवसरों पर युद्ध में विरोधियों को धूल चटा दी।

खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार की शुरुआत करने के लिए आयोजकों को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि समाज का उत्तरदायित्व है कि वह सरकार का साथ दे। मध्यप्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ समाज का भी भूरपूर सहयोग जरूरी है। खिलाड़ी ऊंचाईयों पर पहुंचें और अपना, परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खेल के क्षेत्र में हम प्रदेश को नम्बर वन पर पहुंचाने में कसर नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रधानमंत्री श्री मोदी की उपलब्धियों पर प्रकाशित पुस्तक भेंट की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी की एक कविता वीडियो के माध्यम से दिखाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्यों की लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में  सुनील बंसल ने स्वागत उद्बोधन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker