संकट की इस घड़ी में सरकार आपके साथ हैं

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जिला अस्पताल हरदा पहुंचकर पटाखा दुर्घटना में हुए घायल व्यक्तियों से आत्मीय मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार आपके साथ है, प्रत्येक पीड़ित को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान घायल व्यक्तियों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बताया कि हादसे में उनके घर पूरी तरह टूट गए हैं और मवेशी भी मारे गए हैं, जिस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर ऋषि गर्ग को सभी क्षतिग्रस्त आवासों की लिस्टिंग कर मदद पीड़ित परिवारों को आवास हेतु उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल मवेशियों को भी बेहतर उपचार किया जाएगा। मृत हुए मवेशियों का मुआवजा भी प्रभावित व्यक्तियों को उपलब्ध कराएं। इस दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल, प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जयदीप प्रसाद, संभागायुक्त नर्मदापुरम डॉ.पवन कुमार शर्मा, आयुक्त स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सुदाम पी खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली, हरदा कलेक्टर ऋषि गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गंभीर घायलों को 1-1 लाख रु. की मदद

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 व्यक्तियों को गोविंद मूलचंद चंदेल, हेमंत दिनेश, असगर सज्जाद हुसैन, यूसुफ अख्तर और घनश्याम नर्मदा प्रसाद को 1-1 लाख रुपए राशि की आर्थिक सहायता का चेक वितरित किया। साथ ही उन्होंने अन्य घायलों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की मदद  

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मृतकों के परिजनों से भी चर्चा कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इसके अतिरिक्त भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को हुई इस दुर्घटना में जिन 10 लोगों की मृत्यु हुई थी, उनमें बानो बी पिता सलीम खान, प्रियांशु पिता मुन्नालाल प्रजापति, मुबीन खान पिता सफुर खान, अनुज पिता शोभाराम कुचबंदिया, आबिद पिता रहमान खान, उषा पिता मुकेश चंदेल, मुकेश पिता तुलसीराम बेलदार, अयाज पिता सिराज खान, प्रमिलाबाई पिता सुनील चैहान तथा रहीम पिता रौशन खान शामिल है।

Views Today: 2

Total Views: 76

Leave a Reply

error: Content is protected !!