अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा निर्वाचन 2023 को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार से तीनों विकासखंड मुख्यालय हरदा, खिरकिया व टिमरनी प्रारम्भ हुआ। यह प्रशिक्षण शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा, शासकीय महाविद्यालय टिमरनी तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरकिया में दो पालियों में आयोजित किया गया। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने हरदा के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी ध्यान पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों व ईवीएम संचालन की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझ लें। ताकि विधानसभा निर्वाचन कार्य के दौरान कोई समस्या न हो। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं इवीएम मशीन संचालक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण 17 सितम्बर तक जारी रहेगा।

