परंपरा का निर्वहन…. कांकड़ा आरती कर जुलूस निकाला

 

अनोखा तीर, हरदा। शहर के प्राचीन गोंसाईं मंदिर में दशकों से चल आ रही परंपराओं का अब भी बखूबी निर्वहन जारी है। मंदिर में जहां दोनों नवरात्रि में विशेष अनुष्ठान किया जाता है, वहीं श्रावण का पूरा एक महिना महिला मंडल रामचरितमानस का पाठ करता है। साथ ही भादौ माह की दूज से 7 दिवसीय रामसत्ता की धूम रहती है। इस बार भी सातों दिन भजन-कीर्तन का दौर रहा। जिसके अंतिम दिन जन्माष्टमी को मंदिर में भव्य कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। साथ ही इसके दूसरे दिन यानि शुक्रवार को रामसत्ता का विधिवत समापन हुआ। इस मौके पर भगवान श्री राधेकृष्ण की कांकडा आरती की गई। वहीं अंत में मंदिर के पुजारी पंडित बनवारी लाल शर्मा के सानिध्य में विशाल जुलूस निकाला गया, जो प्रमुख मार्गो से होकर वापस गोंसाईं मंदिर पहुंचा। इस दौरान जुलूस में समाजिक महिलाएं-पुरूष तथा युवा शामिल थे। इस अवसर पर श्रीकृष्ण गोविन्द हरे मुरारी के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था।

342 Views

Leave a Reply