अनोखा तीर हरदा। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आव्हान पर सोमवार को प्रदेश के समस्त जिलों में पटवारी संघ ने चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ कर दिया है। इसके तहत सभी पटवारियों ने शासकीय विभागीय व्हाट्सएप गु्रप का बहिष्कार कर दिया है। इस तरह सभी तरह के ऑनलाइन काम का भी बहिष्कार कर दिया है। पटवारी संघ की इस हड़ताल से जहां राजस्व विभाग की व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी, वहीं आम नागरिकों खासकर किसानों के जमीन संबंधित कामकाज बुरी तरह प्रभावित होंगे।
पटवारियों ने जिले की सभी तहसीलों में सौंपे ज्ञापन
पटवारी संघ के प्रदेश संवाद समिति अध्यक्ष राजीव जैन एवं जिलाध्यक्ष अनुराग करोलिया ने बताया कि इस आंदोलन के क्रम में हरदा जिले की सभी 6 तहसीलों में पटवारियों ने अपने क्षेत्र के तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपकर विभागीय व्हाट्सएप गु्रप से स्वयं को विरत कर लिया है। इस आंदोलन के अगले चरण में दो दिन बाद 23 अगस्त से प्रदेश के पटवारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। इसके बाद भी यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो फिर 28 अगस्त से हमारी कलमबंद हड़ताल प्रारंभ हो जाएगी।
25 साल से लंबित हैं मांगें
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के पटवारी विगत 25 वर्षों के लंबे समय से वेतनमान ग्रेड-पे 2800 सहित, पदोन्नति, समयमान वेतनमान, भत्तों की चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मगर आज तक किसी भी शासन व्यवस्था में उनकी सुनवाई न होने से इस बार संगठन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
Views Today: 2
Total Views: 98

