आस्था का जनसैलाब….. कावड़ यात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़, झूमे श्रद्धालु

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

श्रावण माह के अंतिम चरण में सोमवार को पूर्व विधायक डॉ आरके दोगने के आह्वान पर भक्तों ने हंडिया स्थित रिद्धनाथ घाट से कावड़ यात्रा शुरू की, जो देर शाम को मुख्यालय पर गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां बड़ी संख्या में कावड़ियों ने गुप्तेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया, वहीं मंदिर में स्थापित द्वादश ज्योर्तिलिंग के दर्शन किए। इस मौके पर मंदिर प्रांगण में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे थे। इधर, इससे पहले डॉ दोगने की अगुवाई में सभी कावडिये सांई मंदिर से शोभायात्रा के रूप में निकले। इस दौरान कावड़ियों से खचाखच लंबी कतार देखते बन रही थी।

 

अनोखा तीर, हरदा। हर साल की तरह इस साल भी पूर्व विधायक डॉ आरके दोगने के आह्वान पर विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा प्रात: 10 बजे हंडिया स्थित रिद्धनाथ घाट से प्रारंभ हुई, जो शाम साढ़े 5 बजे के आसपास मुख्यालय स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां कावड़-यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को नर्मदा जल अर्पित कर द्वादश ज्योर्तिलिंग के दर्शन किए। वहीं सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे भी लगाएं। जिससे पूरा वातावरण शिवभक्ति में डूबा हुआ नजर आया। यहां यात्रा के समापन से पहले पूर्व विधायक डॉ दोगने ने कावडियों के साथ मिलकर गुप्तेश्वर महादेव की महाआरती की। इधर, इससे पहले कावड़़-यात्रा शाम 4 बजे मुख्यालय पहुंची। यहां सांई मंदिर से सभी श्रद्धालु शोभायात्रा के रूप में निकले। इस दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालुओं की टोली नाचते-झूमते हुए चल रही थी। वहीं हाथों में भगवा ध्वजा थामे बोल बम बोल बम के जयघोष लगा रहे थे। इस बीच जगह-जगह लोगों ने कावड़ियों का स्वागत कर यात्रा पर खूब फूल बरसाये। इस मौके पर दूर-दूर से आए समर्थकों ने डॉ दोगने को फूल मालाएं पहनाई। यात्रा में उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल, हंडिया ब्लाक अध्यक्ष महेश पटेल, किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव रविशंकर शर्मा, किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक सारण, राहुल पटेल देवास, अनिल सूरमा, राकेश पाराशर, चन्द्रशेखर पटेल, पेकू सारण, अजयसिंह राजपूत, शुभम सूरमा सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

 

यात्रा का लगातार पांचवा वर्ष

कावड़ यात्रा के समापन अवसर पर पूर्व विधायक डॉ आरके दोगने ने कहा कि भगवान भोलेनाथ एवं नर्मदा मैया की कृपा दृष्टि से मौसम ने खूब साथ दिया। जिसके चलते गांव-गांव से भक्तों के दल हंडिया पहुंचे और कावड़ यात्रा में सहभागी बने। उन्होंनें कहा कि कावड़ यात्रा का लगातार पांचवा वर्ष है। साल दर साल कावड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंनें दावा किया कि कावडियों की संख्या ओर अधिक थी। लेकिन ध्वस्त ट्राफिक व्यवस्था एवं बार-बार जाम लगने के कारण अनेक यात्री इधर-उधर से यात्रा के निर्धारित स्थल पर पहुंचे, अन्यथा दृश्य ओर विहंगम दिखाई देता। डॉ दोगने ने कावड़ यात्रा को सफल बनाने वाले तमाम सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।

 

चौराहों पर तैनात रहा पुलिस बल  

कावड़़-यात्रा में भक्तों की भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने बल तैनात करने के साथ-साथ यातायात पुलिस एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को सक्रिय कर दिया था। जिसके चलते शहरी सीमा में चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात थे, बड़े वाहनों का आवाजाही वैकल्पिक मार्गो से डायवर्ट करना पड़ा। साथ ही यात्रा मार्ग पर आने वाले सभी चौक-चौराहों पर सुरक्षा की दृष्टि से बेरिकेट्स लगा दिए थे, ताकि व्यवस्था ना बिगड़े। परंतु कावडियों की बड़ी संख्या के चलते खंडवा बायपास चौक, काली मंदिर तिराहा और परशुराम चौक समेत अन्य चौराहों पर करीब एक से डेढ़ घंटे तक ट्राफिक पूरी तरह थमा रहा। जो जहां था वो वहीं रूका रहा। इस दौरान लोग अपने गंतव्य को पहुंचने के लिये अन्य मार्गो से गुजरे।

Views Today: 2

Total Views: 148

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!