अनोखा तीर, हरदा। नगर में आज एक स्कूल जाती नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना सामने आई। पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ महिला थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखाने का प्रयास किया। इसके पूर्व भी बैरागढ़ स्कूल के सूने रास्ते पर ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। मगर निगरानी न होने से असामाजिक तत्व कई घटनाओं को अंजाम दे जाते हैं। जानकारी के अनुसार खेड़ी मेहमूदाबाद से एक स्कूली छात्रा अपने भाई और कुछ सहेलियों के साथ पढ़ने बैरागढ़ के स्कूल जा रही थी। तभी किसी बदमाश ने उसका रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। इससे पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों के साथ सिविल लाइन पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखवाना चाहा। बाद में परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने महिला पुलिस थाने भी आए। इस घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व विधायक डॉ. आरके दोगने, हेमंत टाले, अवनी बंसल, मनीष शर्मा बाबूजी, केदार सिरोही आदि भी थाने पहुंच गए। ज्ञात हो कि पिछले सितंबर माह में भी स्कूल के प्राचार्य ने ऐसी ही एक शिकायत पुलिस थाने में की थी। यहां कुछ असामाजिक तत्व बच्चों को स्कूल जाते समय परेशान करते हैं। लेकिन पुलिस ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उसके चलते आज जब गंभीर मामला सामने आया, तो उसकी एफआईआर कराने में भी बहुत समय लग गया। बाद में नेताओं के पहुंचने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354 (क), और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत कायमी की।

