Skip to content
Monday, 19 October 2026
हरदा

महर्षि ज्ञानपीठ में धूमधाम से मनाया नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव

3 min read
09 2 4
Text Size:

-नौ देवियों का विधि-विधान से पूजन, गरबा की धूम और 21 फिट के रावण का हुआ दहन

अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल में नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव हर्षोल्लास, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मां दुर्गा की आराधना, नौ देवियों का विधि-विधान से पूजन, कन्या भोज, देवी स्वरूप में सजी छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियां, गरबा नृत्य तथा भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के मंचन ने सभी का मन मोह लिया। उत्सव के अंतिम चरण में 21 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
नवरात्रि के नौ दिनों तक चला विशेष धार्मिक आयोजन
विद्यालय में नवरात्रि के अवसर पर विशेष गतिविधि आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन एक कन्या देवी का स्वरूप धारण कर प्रार्थना सभा में उपस्थित होती थी। विद्यालय परिवार द्वारा उस कन्या का विधि-विधान से पूजन किया जाता था। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नारी शक्ति के महत्व से परिचित कराया गया। नवरात्रि के अंतिम दिवस नौ कन्याएं एक साथ नौ देवियों के स्वरूप में विद्यालय पहुंचीं। विद्यालय परिवार ने सभी देवियों का विधि-विधान से पूजन किया तथा कन्या भोज का आयोजन किया।
राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप में नजर आए नन्हे बच्चे
कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थी भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और भगवान हनुमान के आकर्षक स्वरूप में उपस्थित हुए। बच्चों की वेशभूषा और उनकी मनमोहक उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
देवी गीतों और महिषासुर वध की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान अंशिका ठाकुर एवं उनके समूह ने देवी मां के जस गीत प्रस्तुत किए। वहीं, श्वेता सैनी मैडम के मार्गदर्शन में छात्राओं ने देवी दुर्गा का स्वरूप धारण कर महिषासुर वध की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
चार समूहों में गरबा नृत्य, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया भाग
नवरात्रि उत्सव के अंतर्गत विद्यालय के प्राइमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने चार अलग-अलग समूहों में गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के बाद विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य विद्यार्थियों ने भी गरबा पंडाल में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रीराम-रावण युद्ध के मंचन के बाद हुआ 21 फिट के रावण का दहन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत विद्यालय प्रांगण में भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। युद्ध के मंचन के पश्चात 21 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंतत: विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
महर्षि ज्ञानपीठ में आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संस्कारों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण को नवरात्रि और दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply