-युवाओं के अधिकाधिक पंजीयन पर जोर
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘मेरा युवा भारत कार्यक्रम की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का ‘माय भारत पोर्टल पर पंजीयन, विभागीय समन्वय तथा वार्षिक कार्ययोजना के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, अशासकीय संगठनों एवं अन्य माध्यमों से अधिकाधिक युवाओं का ‘माय भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया। साथ ही कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। वार्षिक कार्ययोजना के तहत आयोजित किए जाने वाले अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों सहित अन्य गतिविधियों में विभिन्न विभागों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। युवाओं को प्रशासनिक, न्यायिक, औद्योगिक, तकनीकी, सामाजिक एवं विकासात्मक संस्थाओं से जोड़ने के लिए समन्वित कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, संबंधित जिला अधिकारी, ‘मेरा युवा भारत हरदा की जिला अधिकारी श्रद्धा मित्तल तथा स्वयंसेवक राहुल देदड़, मयंक शर्मा, कनक सोलंकी, लिशिका काले, शुभम ढोक, राकेश पिपलौदे, ऋषिकांत सोनी और निखिल कैथवास उपस्थित रहे।





