जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

-अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर असवनराम चिरामन, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में हरदा के लाइसेंसी इंजीनियरों एवं आर्किटेक्ट्स ने नगर पालिका द्वारा भवन निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी अनुमति जारी नहीं करने की शिकायत की। इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। वार्ड 35 के रहवासियों ने अधूरे सड़क निर्माण तथा सिराली की विद्या विहार कॉलोनी के निवासियों ने नाली निकासी नहीं होने से जलभराव की शिकायत की। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम अबगांवकला निवासी जागेश्वर माड़ी ने समग्र आईडी में परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने, खिरकिया निवासी धर्मराज ने अधिक बिजली बिल एवं मीटर बदलने तथा ग्राम बघवाड़ निवासी कोमल बाई ने कई माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

0 Views

Leave a Reply