अनोखा तीर, हरदा। किसान नेता मोहन सांई ने किसान भगतराम की मौत के मामले में जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की विफलता के कारण किसान की जान गई है। सरकार एक ओर कलेक्टर, एसपी सहित अधिकारियों के माध्यम से गांव-गांव जनसुनवाई का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। मोहन सांई ने कहा कि किसानों के पारिवारिक बंटवारे और सीमांकन जैसे मामलों का समय पर निराकरण नहीं होने से वर्षों तक तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे विवाद की स्थिति बनती है और किसान मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान होता है। उन्होंने मांग की कि जिले की सभी तहसीलों में लंबित पारिवारिक बंटवारे और सीमांकन के प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही मृतक किसान भगतराम के परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि शीघ्र प्रदान करने की मांग भी की।
प्रशासनिक लापरवाही से किसान भगतराम की गई जान : मोहन सांई

0 Views




