28 जुलाई से भोपाल में होगी अग्निवीर भर्ती रैली

अनोखा तीर, हरदा। सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल में सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें मध्य प्रदेश के 15 जिलों अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए भर्ती होगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्मगुरु और एजुकेशन हवलदार की भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी। सेना द्वारा 1 जून से 12 जून 2026 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई 2026 को जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ऑनलाइन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग ले सकेंगे। रैली में शामिल होने वाले पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 को उनकी ई-मेल आईडी पर भेज दिए जाएंगे। भर्ती रैली में प्रवेश केवल प्रवेश पत्र पर अंकित तिथि एवं समय के अनुसार ही मिलेगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर तथा इंटरनेट कनेक्शन वाला स्मार्ट मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।

0 Views

Leave a Reply