अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए छात्रावास एवं आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों की शिष्यवृत्ति की दरों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए लगातार निर्णय ले रही है। इसी क्रम में राज्य शासन ने अनुसूचित जनजाति के छात्रावासों एवं आश्रमों में रहने वाले छात्र-छात्राओं की शिष्यवृत्ति की दरें प्रत्येक वर्ष मार्च माह के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर निर्धारित कर जुलाई में छात्रावास एवं आश्रम प्रारंभ होने से प्रभावशील करने का निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर वर्ष 2026-27 के लिए नई शिष्यवृत्ति दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत छात्रावास एवं आश्रमों में रहने वाले बालक विद्यार्थियों को 1,720 रुपये प्रतिमाह तथा बालिका विद्यार्थियों को 1,770 रुपये प्रतिमाह शिष्यवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जनजातीय छात्रावासों के विद्यार्थियों की शिष्यवृत्ति बढ़ी, 1 जुलाई से नई दरें लागू

0 Views

