जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बावड़ी उत्सव का हुआ समापन

-ग्राम उड़ा की कालू बाबा बावड़ी पर आयोजित हुआ विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड हरदा के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बावड़ी उत्सव का विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम ग्राम उड़ा स्थित कालू बाबा बावड़ी स्थल पर आयोजित कर समापन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी अखिलेश पाराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा जन-अभियान है। इसका उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना, नदियों, तालाबों, कुओं एवं बावड़ियों का संरक्षण करना तथा लोगों को जल बचाने के लिए जागरूक करना है। जिला समन्वयक संदीप गौहर ने बताया कि अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में नदियों, तालाबों, कुओं एवं अन्य जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना, भूजल स्तर में सुधार करना, जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाना तथा वृक्षारोपण एवं जलग्रहण क्षेत्रों का विकास करना शामिल है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तालाबों और नालों की सफाई एवं गहरीकरण, चेक डैम, स्टॉप डैम और खेत-तालाबों का निर्माण, वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय समुदाय, पंचायतों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। मुख्य अतिथि अखिलेश पाराशर ने कहा कि अभियान में ‘मां गंगाÓ शब्द का प्रयोग जनसेवा की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद को इस प्रकार का पुण्य कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और यह कार्य हर किसी के भाग्य में नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह अभियान जल संकट को कम करने, कृषि को लाभ पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। समापन अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद हरदा के परामर्शदाता दीनबंधु गौर, संजय ठाटे, सुरेंद्र चौहान, प्रहलाद नागवे, दीपांशु सोनी एवं प्रयास सामाजिक संस्था प्रमुख नीरज गुर्जर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

2 Views

Leave a Reply