बिजली बकायादारों पर कार्रवाई, 11 ट्रांसफार्मर और 139 कनेक्शन काटे

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, संचालन एवं संधारण संभाग हरदा (उत्तर) द्वारा बकाया राशि वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। उप महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी हरदा संभाग संजय यादव ने बताया कि वसूली अभियान के तहत हरदा शहर, हरदा ग्रामीण क्षेत्र एवं खिरकिया से जुड़े वितरण केंद्रों में शत-प्रतिशत बकाया राशि 4.40 लाख रुपये होने पर 11 ट्रांसफार्मर विच्छेदित किए गए हैं। इसी प्रकार विभिन्न वितरण केंद्रों में अलग-अलग श्रेणियों के 139 विद्युत कनेक्शनों को कुल 20.85 लाख रुपये की बकाया राशि के कारण अस्थायी रूप से विच्छेदित किया गया है। वितरण केंद्र प्रभारियों द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं धारा 126 के तहत 16 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। उप महाप्रबंधक संजय यादव ने बताया कि संभाग हरदा (उत्तर) द्वारा वसूली एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल की बकाया राशि शीघ्र जमा करें तथा विद्युत चोरी से बचें।

0 Views

Leave a Reply