परिजनों को मिली अंत्येष्टि सहायता राशि, पार्षद ने संबल कार्ड बनवाने की अपील

अनोखा तीर, टिमरनी। नगर के वार्ड 6 निवासी स्व. लक्ष्मी नारायण भिलाला के परिवार को अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की गई। स्व. भिलाला का विगत दिनों निधन हो गया था। परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि सौंपी गई। सहायता राशि वितरण के समय वार्ड पार्षद सुनील दुबे, प्रभुदयाल पटवारी पवन चौधरी एवं नगर पालिका प्रतिनिधि मनीष दुबे उपस्थित रहे। इस अवसर पर पार्षद सुनील दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को अनेक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। योजना के अंतर्गत यदि किसी संबल कार्डधारी श्रमिक की 18 से 60 वर्ष की आयु के बीच सामान्य अथवा दुर्घटना से मृत्यु हो जाती है, तो सामान्य मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपए एवं दुर्घटना की स्थिति में 4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि यदि संबल कार्डधारी की 60 वर्ष की आयु के बाद मृत्यु होती है, तो परिवार को अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाती है। यह सहायता 60 वर्ष से अधिक आयु के कार्डधारी के परिजनों को भी प्राप्त होती है। पार्षद सुनील दुबे ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की कि वे अपना संबल कार्ड अवश्य बनवाएं। विपरीत परिस्थितियों में यह कार्ड परिवार के लिए आर्थिक संबल का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित श्रमिक योजना के पात्र हैं। मृत्यु की स्थिति में 60 वर्ष से अधिक आयु होने पर भी परिवार को अंत्येष्टि सहायता प्रदान की जाती है। संबल कार्ड बनवाने के लिए पात्र हितग्राही अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र अथवा नगर पालिका कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

0 Views

Leave a Reply