अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश में भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं गंभीर राष्ट्रीय समस्या के रूप में सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवधि में 65 से अधिक बड़े मामले सामने आए, जिनसे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में एआईपीएमटी (वर्तमान में नीट) परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आया था, जिसके बाद परीक्षा दोबारा आयोजित की गई। वर्ष 2017 में एसएससी सीजीएल परीक्षा में अनियमितताओं के आरोप लगे, जबकि 2018 में सीबीएसई की 10वीं एवं 12वीं कक्षा के प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले सामने आए। मोहन सांई ने कहा कि वर्ष 2021 में राजस्थान की रीट एवं उत्तर प्रदेश की यूपीटीईटी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं। वर्ष 2023 में तेलंगाना लोक सेवा आयोग की परीक्षा और वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, आरओ-एआरओ परीक्षा तथा यूजीसी-नेट परीक्षा को भी अनियमितताओं के आरोपों के चलते रद्द करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में भी कई वर्षों से पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, ग्रेस मार्क्स एवं परिणामों में अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से देश के लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हुए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि 12 मई 2026 को नीट परीक्षा निरस्त होने से लेकर 21 जून 2026 को पुन: परीक्षा की घोषणा के बीच विभिन्न राज्यों में कई छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुल्क के रूप में अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये लिए जाते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से 24 जून 2026 तक अनेक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय में जवाबदेही तय करने की मांग की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जनजागरण अभियान एवं छात्रों की गूंज कार्यक्रम शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से छात्रों एवं अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले तथा जिला प्रवक्ता आदित्य गर्गव उपस्थित रहे।
पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस चलाएगी जनजागरण अभियान : मोहन सांई

0 Views




