28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान

-69 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
अनोखा तीर, हरदा। जिले में 28 जून से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पांच वर्ष आयु वर्ग तक के जिले के 69 हजार 24 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 674 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि आगामी दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान संबंधी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा पोलियो की खुराक से एक भी बच्चा वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बूथ स्थापित कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके अलावा ट्रांजिट टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एम.के. चौरे ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

0 Views

Leave a Reply