Skip to content
Friday, 16 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

महाराणा प्रताप राष्ट्रभक्ति, शौर्य और त्याग के प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन वीरता, शौर्य, पराक्रम, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी “राष्ट्र प्रथम” के भाव के साथ जीवन व्यतीत किया, इसलिए आज वे हर वर्ग के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका 72 किलो वजनी कवच और 80 किलो का भाला उनके असाधारण सामर्थ्य और वीरता का परिचायक था। उन्होंने चेतक और महाराणा प्रताप की निष्ठा व समर्पण की गाथा को भी प्रेरणादायक बताया।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड का गठन किया है और इसके माध्यम से राज्य स्तरीय जयंती समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप लोक का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा तथा पर्यटन विकास बोर्ड और कल्याण बोर्ड के सहयोग से उनके गौरवशाली इतिहास को देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सेना और पुलिस भर्ती के लिए तैयार करने हेतु प्रदेश में “पार्थ योजना” संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही स्कूल शिक्षा के पाठ्यक्रम में महाराणा प्रताप के प्रेरक प्रसंगों को शामिल किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके शौर्य और देशभक्ति से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जहां महाराणा प्रताप जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार “विरासत से विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य शोध पीठ, विक्रमादित्य महानाट्य, युवाओं के लिए शोध फैलोशिप तथा उज्जैन में मां क्षिप्रा के तट पर शहीद दुर्गादास राठौर के भव्य संग्रहालय निर्माण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों की विरासत के संरक्षण और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

26 Views
What do you think?

प्रशांत शर्मा

संपादक ANOKHATEER.COM मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिमान्यता प्राप्त हरदा जिले के सबसे युवा पत्रकार है जो लगातार 12 वर्षो से पत्रकारिता से जुड़े हर विभाग में अपनी सेवाए देते आ रहे है।

All posts by प्रशांत शर्मा (135)

Leave a Reply