अनोखा तीर, हरदा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से संबद्ध मेरा युवा भारत हरदा द्वारा स्वतंत्र वीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती पर शुक्रवार को संकल्प कोचिंग सेंटर में संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बादर, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी प्रशांत शर्मा, नगर महामंत्री भाजपा पुरुषोत्तम झिंझोरे एवं कोचिंग संस्थान संचालक धनराज सर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सावरकर के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर युवाओं में राष्ट्रवाद, देशभक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सावरकर के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि नितेश बादर ने कहा कि वीर सावरकर एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वर्ष 1904 में उन्होंने ‘अभिनव भारतÓ नामक क्रांतिकारी संगठन की स्थापना की थी, जिससे ब्रिटिश हुकूमत भयभीत हो गई और उन्हें काला पानी जैसी कठोर सजा दी गई। वरिष्ठ समाजसेवी प्रशांत शर्मा ने कहा कि सावरकर का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है तथा उनके विचार आज भी देशभक्ति की भावना जागृत करते हैं। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत से मयंक शर्मा, ऋषभ वैरागी, गौतम वैरागी, लिसिका काले सहित विभिन्न युवा क्लब, महिला मंडल के सदस्य, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
————————-

