गायत्री परिवार के 19 साधकों ने पूर्ण की पांच दिवसीय विशिष्ट मौन साधना

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-विश्व शांति और संस्कृति संरक्षण के लिए किया अनुष्ठान

अनोखा तीर, हरदा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के विशेष मार्गदर्शन में गायत्री शक्तिपीठ हरदा के 19 परिजनों ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में हिमालय की ऊंचाइयों पर स्थित मुनस्यारी गायत्री चेतना केंद्र में पांच दिवसीय विशिष्ट मौन साधना का संकल्प पूर्ण किया। साधना का उद्देश्य वसुधैव कुटुंबकम, विश्व शांति, विश्व कल्याण, आत्मिक उत्थान, संपूर्ण सृष्टि की अक्षुण्णता तथा भारतीय सनातन संस्कृति को स्थायित्व प्रदान करना रहा। साधकों ने नवागत पीढ़ी को उचित मार्गदर्शन देने तथा गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के सद्विचार, सद्साहित्य और गायत्री मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने एवं घर-घर स्थापित करने का संकल्प लिया। पांच दिवसीय साधना के दौरान प्रतिदिन विश्व शांति, संस्कृति संरक्षण और युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की भावना से विशेष आहुतियों के साथ यज्ञ, हवन एवं तर्पण कार्यक्रम संपन्न किए गए। साधकों ने बताया कि विशिष्ट मौन साधना से शांत चित्त, स्थिर मन, आशा, उत्साह, उमंग और ऊर्जा का संचार हुआ है, जिसे वे गुरुदेव के रचनात्मक कार्यों के लिए समर्पित करेंगे। साधना पूर्ण कर सभी परिजन 24 मई को हरदा गायत्री शक्तिपीठ लौटे, जहां गायत्री माता एवं शुभचिंतकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ हरदा के मुख्य ट्रस्टी ऋषि कुमार पारे, प्रबंधक सियाराम गौर, गुलाब सिंह सोलंकी, भगवान सिंह सोलंकी, सुनीता अग्रवाल, रेखा चौरे और विवेक गौर ने साधना से लौटे सभी 19 साधकों का गायत्री मंत्र युक्त दुपट्टा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। साथ ही साधकों ने अपने अनुभव साझा किए और सभी के मंगलमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुनस्यारी स्थित गायत्री चेतना केंद्र में साधना करने वालों में सियाराम गौर, दिलीप गौर, ग्यारसराम गौर, प्रभुदयाल गौर, लक्ष्मीनारायण चौहान, चंद्रशेखर टिकारिया, शैलेंद्र पाराशर, संतोष कुमार मालवीय, कन्हैयालाल असलेकर, किरण कुमरे, कुसुम गौर, किरण गौर, शैलबाला पाराशर, सुधा चौहान, मृदुला पटेल, आरती गौर, लता मालवीय, सरिता मालवीय और मीनाक्षी तोमर शामिल रहे।
—————————-

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!