-जिले के नागरिकों से स्व गणना कार्य में सक्रिय सहभागिता की अपील
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 के तहत स्व गणना का कार्य 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि में संपादित किया जाएगा। नागरिकों को स्व गणना की सुविधा के लिए एक समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से पहली बार यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा एक मई से 30 मई 2026 की अवधि में सम्पादित किया जाएगा, जिसके जिले में सफल संचालन के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें, इससे जिले की जनगणना का कार्य तेजी से पूर्ण हो सकेगा। स्वगणना की प्रक्रिया बहुत सरल है। इसे आसानी से पूर्ण किया जा सकता है।
स्व गणना प्रक्रिया
जनगणना 2027 में डिजिटल-प्रथम दृष्टिकोण अपनाया गया है। इसके तहत भौतिक मकान सूचीकरण अभियान (एचएलओ) शुरू होने से पहले 15 दिनों की वैकल्पिक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी गई है। नागरिक 30 अप्रैल तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे उन्हें एक विशिष्ट आईडी प्राप्त होगी, जो आगे की प्रक्रिया में सहायक होगी। नागरिक स्व गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने राज्य का चयन करें और कैप्चा कोड दर्ज कर लॉगिन करें। परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर और ई मेल आई डी (वैकल्पिक) दर्ज करें। इस समय यह ध्यान रखें कि परिवार के मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा। प्रत्येक परिवार के लिए केवल एक मोबाइल नंबर का उपयोग किया जा सकता है। इस प्रक्रिया के बाद अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें तथा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें। अपने जिले का चयन करें और पिनकोड के साथ अपने गांव, नगर, स्थानीय क्षेत्र की जानकारी भरें। इसके बाद मानचित्र (मैप) पर लाल मार्कर को खींचकर (ड्रैग कर) अपने आवासीय भवन के सटीक स्थान पर स्थापित करें एवं स्थान की पुष्टि करें। इससे प्रगणक को स्व गणना सत्यापन के लिए आपकी लोकेशन में पहुंचने में आसानी होगी।

