– सीएमओ ने कहा ठेका देना है, नपाध्यक्ष पति ने कहा टेंडर निकाल रहे
अनोखा तीर, हरदा। तेल जले सरकार का मिर्जा खेले फाग…यह लोक कहावत नगर पालिका हरदा के नेहरू पार्क में चरितार्थ होते नजर आ रही है। शहर में कहने को तो नगर पालिका के 34 पार्क कागजों पर लहलहा रहे हैं। लेकिन वास्तव में एक मात्र नेहरू पार्क ही जमीन पर नजर आता है, जहां पूरे शहर के बच्चे, बूढ़े कुछ पल व्यतीत करने जा सकते हैं। इस पार्क के रखरखाव हेतु प्रतिवर्ष लाखों रुपए का बजट प्रावधान भी किया जाता है। वह राशि खर्च भी हो जाती है। लेकिन पार्क की सेहत में कोई सुधार नहीं होता है। खैर यह अलग विषय है, फिलहाल तो यह इकलौता पार्क भी अवैध वसूली का अड्डा बना हुआ है। इस पार्क में बच्चों के मनोरंजन हेतु लगाए गए अधिकांश झूले टूटे पड़े हुए हैं। फिसल पट्टियां खराब पड़ी है। फव्वारे बंद पड़े हैं। हां, वहां चालू है तो अवैध रूप से संचालित मिक्की माउस एवं जंम्पिग झूला। चूंकि पार्क में बच्चों के मनोरंजन के अन्य साधन अस्त-व्यस्त हैं तो ऐसी स्थिति में बच्चों का सीधे रुख इस ओर होना स्वाभाविक है। यहां बच्चों से प्रति 5-7 मिनट के 30 रुपया शुल्क वसूला जाता है। मिक्की माउस में हवा भरने के लिए दो विद्युत संचालित मोटर लगाई गई है। यह मोटर सीधे पार्क की बिजली से चल रही है। अब साहब सार्वजनिक पार्क में यह व्यवसायिक कार्य कैसे चल रहा है, क्या इसके लिए कोई विधिवत ठेका दिया गया है, हमने यह जानने का प्रयास किया। सीएमओ और नपाध्यक्ष का फोन अटेंड नहीं होने पर हमने नगर पालिका की राजस्व शाखा में पता किया। वहां इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्हें इस बात का पता भी नहीं था। फिर उपयंत्री एसके बोहरा से संपर्क किया उन्होंने कहा कि मुझे भी ऐसा पता चला था, लेकिन मेरे ख्याल से ऐसा कोई टेंडर हुआ तो नहीं है। बाकी सीएमओ साहब ही बता सकते हैं। हमने फिर कोशिश की तो सीएमओ ने मैसेज से कहा कि आप व्हाट्स-एप कीजिए। हमने अपनी बात व्हाट्स-एप से उनके समक्ष रखी। उन्होंने जो जवाब दिया हम वह भी प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं इस संबंध में उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने क्या कहा और अध्यक्ष पति राजू कमेडिया ने जो कहा वह भी प्रस्तुत है।

जवाबदार लोगों ने कहा –
टेंडर निकाला है –
टॉय ट्रेन और मिकी माउस के लिए टेंडर निकला है। जिसमें संचालन संधारण संबंधित निविदाकर्ता का होगा। ट्रायल बेसिस पर यह दिया गया, ताकि जो भी ठेका ले वह उस अनुरूप शुल्क चुकाकर नगर पालिका से टेंडर ले सके। फिसल पट्टी की मरम्मत कर दी गई है, झूलो की भी मरम्मत कराई जा रही है।
– कमलेश पाटीदार, सीएमओ नपा हरदा
टेंडर निकाल रहे
अभी किसी को कोई ठेका नहीं दिया गया है। टेंडर कि प्रक्रिया की जा रही है। टेंडर जारी करने के बाद जो भी ठेका लेगा, उसके लिए समय और शुल्क दोनों निर्धारित किए जाएंगे। झूले ठीक करा दिए हैं। हन्नू खलीफा बार-बार चक्कर लगा रहा था तो अभी उसने ही शायद कुछ दिन से वहां चालू किया है। मैं आज जाकर देखता हूं। अभी तो वैसे ही चला रहा है। वहां कोई ट्रेन चलाने को तैयार नहीं होता इसलिए दोनों काम किसी एक को ही दे देंगे।
राजू कमेडिया, नपाध्यक्ष पति
बगैर ठेका अवैध है
मेरी जानकारी में इसके लिए कोई ठेका नहीं दिया गया है। मेरे पास कुछ सामाजिक संगठनों ने भी आकर विरोध दर्ज कराया था कि यहां इस बहाने काफी असमाजिक तत्वों की भीड़ लगी रहती है। जिससे पार्क आने वाली महिलाओं तथा बच्चियों को खतरा बना रहता है। वहीं मैंने मिक्की माउस और जंपिंग झूला का विरोध भी किया था, जिसके चलते कुछ दिन बंद रखा गया और फिर चालू कर दिया। सीएमओ ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे के सामने यह लगाया है, ऐसा कुछ नहीं होगा। वैसे यह सही बात है कि यह अभी बगैर ठेका के तो अवैध ही है। अब आप तो सब जानते हो, मैं क्या बताऊं।
अंशुल गोयल, नपा उपाध्यक्ष हरदा

