Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

उपेक्षा का शिकार हो रहे सुल्तानपुर वेयरहाउस के बाहर बने प्लेटफॉर्म

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव। जिले के सबसे बड़े शासकीय वेयरहाउस सुल्तानपुर में जिम्मेदारों द्वारा ध्यान न दिए जाने से गोदाम के बाहर बने प्लेटफॉर्म उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस वेयरहाउस में बड़े स्तर पर शासकीय खरीदी की जाती है, जिसमें गेहूं, चना, मूंग, सरसों से लेकर सोयाबीन तक की खरीदी की जा चुकी है। यहां बड़े गोदाम बने होने से शासकीय खरीदी की उपज का भंडारण करने में आसानी रहती है, लेकिन व्यवस्थित व्यवस्था के अभाव में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेयरहाउस के बाहर बने प्लेटफॉर्म की लंबे समय से देखभाल नहीं होने के कारण वे जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। किसानों का कहना है कि यदि प्लेटफॉर्म के ऊपर टीन शेड बना दिए जाएं तो ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने के लिए व्यवस्थित जगह मिल सकती है। वर्तमान में अधिकांश प्लेटफॉर्म खराब हो चुके हैं और उन्हें मरम्मत की आवश्यकता है। सुल्तानपुर में करीब 10 से अधिक गोदाम बने हुए हैं, जहां नौ सोसायटियां खरीदी करती हैं। जिले के अधिकांश किसान अपनी उपज बेचने के लिए यहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचते हैं, लेकिन उचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें खुले आसमान के नीचे उपज रखनी पड़ती है। हवा, आंधी और बारिश के दौरान किसान तिरपाल ढंककर अपनी उपज को भीगने से बचाते हैं, बावजूद इसके कई बार बेमौसम बारिश से उपज खराब हो चुकी है। यदि शासन द्वारा प्लेटफॉर्म का सुधार कर उन पर टीन शेड बना दिए जाएं, तो किसानों को काफी राहत मिल सकती है और उपज की ढुलाई भी व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। वेयरहाउस कॉरपोरेशन के प्रबंधक नरेंद्र मंडलोई ने बताया कि इस संबंध में शासन को पत्र लिखा जाएगा। अनुमति मिलने पर प्लेटफॉर्म के ऊपर टीन शेड तैयार किए जाएंगे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply