– 11 साल बाद मिला अपेक्स को नया अध्यक्ष
हृदेश भदौरिया, ग्वालियर। लंबी कबायद के बाद आखिर मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) को किसान नेता महेंद्र सिंह यादव के रुप में नया अध्यक्ष मिल गया। पिछले 6 महीनों से निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर कयास लगाए जाते रहें हैं, लेकिन अब सत्ता और संगठन में तालमेल बनाकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिलसिलेवार नियुक्तियां करना शुरू कर दिया है। पिछले दिनों जहां चार निगम मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां की गई, वही वर्षों से रिक्त पड़े अपेक्स बैंक के अध्यक्ष पद पर संघ और भाजपा की कसौटी पर खरे उतरने वाले एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के विश्वासपात्र किसान नेता महेंद्र सिंह यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि 13 मई 2015 को न्यायालीन आदेश उपरांत अपेक्स बैंक का संचालक मंडल भंग कर दिया गया था। तब से लेकर अभी तक बैंक में प्रशासक के माध्यम से ही काम चल रहा था। अपेक्स बैंक के अस्तित्व में आने के बाद से ही प्रदेश की इस शीर्ष संस्था पर कांग्रेस नेताओं का दबदबा कायम रहा था। लेकिन भाजपा के प्रदेश की सत्ता में आने पश्चात पहली बार भाजपा विधायक रहे भंवर सिंह शेखावत नवंबर 2009 से 2015 तक मध्य प्रदेश अपेक्स बैंक के अध्यक्ष पद पर रहे। बहरहाल उनका कार्यकाल वैसे तो नवंबर 2014 में ही खत्म हो गया था, लेकिन चुनाव या नवीन नियुक्त नहीं होने के कारण उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया था। परंतु बाद में हाई कोर्ट के आदेश पर कार्यकारिणी भंग कर रजिस्ट्रार को प्रशासक नियुक्त किया जाता रहा। वर्ष 2015 से अभी तक सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर कई बार घोषणा की जाती रही, चुनावी कार्यक्रम भी घोषित कर दिए गए, लेकिन अंतिम समय पर उन्हें रोकते हुए यह चुनाव नहीं हो पाए। ऐसी स्थिति में पिछले 11 वर्षों से अपेक्स बैंक अध्यक्ष विहीन बना हुआ था।

सहकारी संस्थाओं को मिलेगी मजबूती
भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति से भलि भांति परिचित, लंबे समय संगठनात्मक दायित्व निर्वहन करने वाले महेंद्र सिंह यादव को प्रशासनिक कार्य व्यवस्था के संचालन का भी अच्छा अनुभव है। श्री यादव पूर्व में मध्यप्रदेश बीज विकास निगम अध्यक्ष पद का दायित्व भी निर्वाह कर चुके हैं। उनके अपेक्स बैंक जैसे किसानों की महत्वपूर्ण संस्था की कमान संभालने से निश्चित ही जिला एवं ग्रामीण स्तर पर सहकारी समितियों को बल मिलेगा। किसानों के बीच लंबे समय से काम करने वाले श्री यादव किसानों की आवश्यकताओं तथा सहकारी समितियों की व्यवहारिक परेशानियों से भी बखूबी परिचित हैं। ऐसी स्थिति में वह सहकारी समितियों एवं किसानों के बीच सेतु का कार्य करते हुए उन समस्याओं को प्रमुखता से समाधान कर सकते हैं। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में भाजपा को मैदानी मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले महेंद्र सिंह यादव की जहां संगठन में मजबूत पकड़ है तो वहीं वह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के विश्वासपात्र होने से सहकारी आंदोलन को जमीनी धरातल पर मजबूती प्रदान करेंगे। वर्षों बाद सहकारी क्षेत्र में भाजपा के मनोनीत अध्यक्ष बनने पर इन दिनों महेंद्र सिंह यादव को बधाई का तांता लगा हुआ है। हम उम्मीद करते हैं कि श्री यादव का कार्यकाल सहकारिता के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाला साबित हो।

