आंदोलन स्थल को लेकर संशय खत्म …

 नेहरू स्टेडियम की अनुमति- हुआ भूमिपूजन  
अनोखा तीर, हरदा।  21 दिसम्बर को करणी सेना के जनक्रांति न्याय आंदोलन के लिए स्थान को लेकर चल रहे मंथन पर गुरूवार को विराम लग गया है। प्रशासन ने करणी सेना को नेहरू स्टेडियम की अनुमति प्रदान कर दी है। इसी के साथ अब तैयारियां तेज हो गई हैं। करणी सेना  समेत सर्व समाज अपनी रूपरेखा तय करने में जुट गया है। जबकि जिला एवं पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। दरअसल, 21 दिसम्बर जनक्रांति न्याय आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों के लिए करणी सेना एवं उसके समर्थक संगठनों का वाहन पार्किंग, भोजन और ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाओं पर फोकस है, ताकि आंदोलन शांतिप्रिय ढंग किया जा सके। यह भी ध्यान दिया जा रहा है कि आमजनों को किसी तरह की तकलीफ ना हो और ना ही ट्राफिक व्यवस्था पर बुरा असर पड़े। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से व्यवस्था संबंधी जानकारी के अलावा अन्य महत्वपूर्ण बातें साझा की जा रही है। साथ ही महत्वपूर्ण बिन्दूओं पर जिला एवं पुलिस प्रशासन से संवाद बनाए रखने की बात कही जा रही है।  इधर, नेहरू स्टेडियम की अनुमति मिलने के बाद करनी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत ने साथियों के साथ आंदोलन स्थल पर पूजा की। पंडित मुरलीधर व्यास ने विधिपूर्वक पूजा संपन्न कराई। इसी दिन शहर में आमंत्रण रैली भी निकाली गई। उधर, जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के मद्देनजर सारे इंतजाम किए जा रहे हैं। अतिरिक्त बल के ठहरने के लिए लॉज, होटल और सराय बुक कर दिए हैं।

169 Views

Leave a Reply