सिंधी समाज द्वारा गुरु नानक जयंती धूमधाम से मनाई  

अनोखा तीर, हरदा। सिंधी समाज द्वारा गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रात: 5 बजे प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए। सभी ने गुरु वाणी का कीर्तन करते हुए पूरे नगर में भ्रमण किया। सुबह 7 बजे गुरुद्वारा परिसर में आरती, कीर्तन और प्रसाद वितरण हुआ। इसके बाद साप्ताहिक पाठ साहिब का समापन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक गुरु वचनों का श्रवण किया। पूर्वाह्न 10 बजे विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। दोपहर 12 बजे रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें समाज के युवाओं ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। दोपहर 1 बजे गुरु का भोग साहिब एवं लंगर साहिब का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु प्रसाद ग्रहण किया। सायं 5 बजे भव्य नगर यात्रा निकाली गई, जो पूरे शहर में गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संदेश देती रही। रात्रि 8 बजे सिंधी समाज के लिए विशेष व्यंजन मेले का आयोजन हुआ, जिसमें समाजजनों ने मिलकर आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अमर रोचलानी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और सेवा का जो संदेश दिया, वही आज समाज के लिए सबसे आवश्यक है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर प्रेम और भाईचारे की भावना को सशक्त बनाना चाहिए। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सिंधी सेवा मंडल, हरदा के तत्वावधान में किया गया। आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों की विशेष सहभागिता रही। सभी ने गुरु नानक देव जी के उपदेश नाम जपो, कीरत करो, वंड छको  का स्मरण करते हुए समाज में प्रेम, एकता और सेवा की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।

216 Views

Leave a Reply